आंगनबाड़ी केंद्र में 40 बच्चों को मिली नई पोशाक, डीएम ने किया वितरण
- Post By Admin on Feb 27 2026
लखीसराय: जिले में बाल विकास और पोषण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के तहत मध्य विद्यालय मोहम्मदपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 30 में बच्चों के बीच पोशाक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने स्वयं उपस्थित होकर बच्चों को नई पोशाकें प्रदान कीं।
यह पोशाक ‘जीविका’ के सहयोग से विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए तैयार कराई गई थी। कुल 40 बच्चों को आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण पोशाकें दी गईं। नई पोशाक प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह स्पष्ट दिखाई दिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उल्लासपूर्ण हो उठा। जिला पदाधिकारी ने बच्चों को स्नेहपूर्वक पोशाक वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास की आधारशिला होती है। इस अवस्था में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोशाक वितरण जैसी पहल बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाती है और उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र से अधिक उत्साहपूर्वक जुड़ने के लिए प्रेरित करती है।
जिला पदाधिकारी ने ‘जीविका’ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि संस्था महिलाओं के सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पोशाक निर्माण और वितरण सामाजिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण है।
कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, विद्यालय के शिक्षकगण तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।