छात्र जदयू ने अंकित कुमार किशन पर जताया भरोसा, मुजफ्फरपुर जिलाध्यक्ष की मिली कमान
- Post By Admin on Oct 30 2026
मुजफ्फरपुर: छात्र जनता दल यूनाइटेड (छात्र जदयू) ने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में अंकित कुमार किशन को मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। छात्र जदयू के प्रदेश अध्यक्ष धीरज कुमार ने उन्हें यह दायित्व प्रदान किया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अंकित कुमार किशन ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
अंकित कुमार किशन का छात्र राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में पूर्व से अनुभव रहा है। वह लंगट सिंह कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में निर्वाचित सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में जनता दल यूनाइटेड की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद बिहार विश्वविद्यालय में छात्र जदयू के महासचिव, उपाध्यक्ष और विश्वविद्यालय अध्यक्ष जैसे विभिन्न संगठनात्मक पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। जिलाध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने पर अंकित कुमार किशन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक क्षेत्र में पार्टी की विचारधारा और सरकार की ओर से किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। साथ ही संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि छात्र हित से जुड़े मुद्दे उनकी प्राथमिकता में रहेंगे। विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करने और शैक्षणिक संस्थानों में छात्र हित से जुड़े कार्यों के लिए वह हमेशा तत्पर रहेंगे। अंकित कुमार किशन की नियुक्ति को मुजफ्फरपुर में छात्र जदयू के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक नई जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। अब उनके सामने जिले में छात्र संगठन को मजबूत करने और युवाओं को संगठन से जोड़ने की चुनौती होगी।