भूमि विवाद निपटारे को लेकर बिहार सरकार की बड़ी पहल, उपमुख्यमंत्री ने साझा की कार्ययोजना

  • Post By Admin on Jan 20 2026
भूमि विवाद निपटारे को लेकर बिहार सरकार की बड़ी पहल, उपमुख्यमंत्री ने साझा की कार्ययोजना

पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने विभागीय कार्यों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग आम जनता से जुड़े भूमि मामलों के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के सभी जिलों में ‘भूमि सुधार जन कल्याण संवाद’ नामक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत जिला स्तर पर अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि भूमि से संबंधित जटिल और लंबित मामलों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री द्वारा विभागीय प्रयासों की सराहना किए जाने और इसे लेकर किए गए ट्वीट से विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों का मनोबल काफी बढ़ा है।

श्री सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में न्यायालयों में लंबित मामलों का बड़ा हिस्सा भूमि विवादों से जुड़ा है। ऐसे विवाद न केवल कानूनी जटिलताएँ बढ़ाते हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करते हैं और पारिवारिक तनाव का कारण बनते हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए पारदर्शी पैमाइश (मापी) और समयबद्ध विवाद निपटारा अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि अप्रैल माह से विभाग विशेष रूप से उन जमीनों पर ध्यान केंद्रित करेगा, जिनकी मापी लंबे समय से विवादित रही है। विभाग पारदर्शी प्रक्रिया के तहत इन मामलों का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा, जिससे आम जनता को वास्तविक राहत मिल सके।

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन और विभाग की सक्रिय पहल से बिहार में भूमि सुधार का सपना साकार होगा और आम लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।