प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी पर कसा तंज, कहा- हर कुछ दिनों में जनता को हंसने का मौका देते हैं

  • Post By Admin on Nov 04 2026
प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी पर कसा तंज, कहा- हर कुछ दिनों में जनता को हंसने का मौका देते हैं

बेगूसराय : जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को बेगूसराय में बिहार की राजनीति से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के भाजपा में शामिल होने, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 'क्राइम और अपराध' संबंधी बयान तथा मधुबनी की घटना को लेकर उन्होंने सरकार और संबंधित पक्षों पर सवाल उठाए। प्रशांत किशोर ने दावा किया कि भाजपा में शामिल हुए दोनों निर्दलीय एमएलसी की सदस्यता जाना तय है। वहीं, मुख्यमंत्री के बयान पर तंज कसते हुए उन्होंने उनकी शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी टिप्पणी की।

दो निर्दलीय एमएलसी की सदस्यता जाने का किया दावा

भाजपा में शामिल हुए दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के मामले पर प्रशांत किशोर ने कहा कि दोनों ने गैर-संवैधानिक काम किया है और उनकी सदस्यता जाना तय है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की सरकार भी उनकी सदस्यता नहीं बचा सकती। उनके अनुसार, निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतने के बाद किसी राजनीतिक दल में शामिल होने का मामला संविधान के प्रावधानों से जुड़ा है। प्रशांत किशोर ने बताया कि जन सुराज की ओर से इस मामले में विधान परिषद के सभापति के समक्ष पहले ही याचिका दी जा चुकी है। पार्टी के प्रत्याशी अफाक अहमद और बी. मोहन भी अपनी ओर से याचिका दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि जन सुराज को विधान परिषद के सभापति से न्याय की उम्मीद है। यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं होती है तो पार्टी अदालत का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेगी।

गौरतलब है कि हाल में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राहुल राज निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधान परिषद चुनाव जीते थे। बाद में दोनों के भाजपा में शामिल होने की घोषणा के बाद बिहार की राजनीति में विवाद शुरू हो गया। विपक्षी दलों ने इसे दल-बदल से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन बताते हुए उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर कसा तंज

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 'क्राइम और अपराध' को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रशांत किशोर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, "जब आप 7वीं फेल व्यक्ति को नेता बनाएंगे तो आप उनसे ऐसी ही अपेक्षा रख सकते हैं।" उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हर पांच-दस दिन में जनता को हंसने का अवसर दे देते हैं। दरअसल, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान बिहार में अपराध की स्थिति को लेकर कहा था कि राज्य में 'क्राइम' हो सकते हैं, लेकिन 'अपराध' नहीं है और अपराधी भी नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद विपक्षी नेताओं ने प्रतिक्रिया दी थी। प्रशांत किशोर ने भी इसी बयान को आधार बनाकर मुख्यमंत्री की भाषा और नेतृत्व पर सवाल उठाए।

मधुबनी की घटना पर पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने की बात

मधुबनी की घटना को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बताया कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पीड़ित परिवार से मिला है। प्रतिनिधिमंडल से बातचीत और वहां से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और पीड़ित परिवार के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि घटना से जुड़े तथ्यों और प्रतिनिधिमंडल की जानकारी के आधार पर जो भी जरूरी कदम होंगे, पार्टी आगे उठाएगी।

संगठन को मजबूत करने पर भी हुई चर्चा

बेगूसराय में प्रशांत किशोर जन सुराज के जिला एवं प्रखंड स्तर के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ बैठक और संगठनात्मक गतिविधियों में भी शामिल हुए। इस दौरान संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने और पार्टी के विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।