निर्दलीय MLC वंशीधर बृजवासी और राहुल राज भाजपा में शामिल, विधायक दल की बैठक में हुए शामिल

  • Post By Admin on Oct 31 2026
निर्दलीय MLC वंशीधर बृजवासी और राहुल राज भाजपा में शामिल, विधायक दल की बैठक में हुए शामिल

पटना: बिहार की राजनीति में विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में निर्दलीय विधान पार्षद राहुल राज और वंशीधर बृजवासी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। दोनों नेताओं ने भाजपा विधायक दल की बैठक में भी हिस्सा लिया। उनके भाजपा में शामिल होने से विधान परिषद में पार्टी की स्थिति को मजबूती मिलने की चर्चा है।

गौरतलब है कि हाल ही में बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव में कई चौंकाने वाले परिणाम सामने आए थे। इनमें राहुल राज और वंशीधर बृजवासी की जीत भी काफी चर्चा में रही थी। दोनों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों को चुनौती दी और जीत दर्ज की थी। राहुल राज ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की थी। उन्होंने निवर्तमान विधान पार्षद अफाक अहमद को पराजित किया। वहीं, वंशीधर बृजवासी ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ कायम रखी। उन्होंने जदयू के प्रत्याशी अभिषेक झा को 9,147 मतों के अंतर से हराया। बृजवासी को कुल 31,832 मत मिले, जबकि अभिषेक झा को 22,685 मत प्राप्त हुए।

वंशीधर बृजवासी शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। शिक्षामित्र के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले बृजवासी ने शिक्षकों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर आवाज उठाकर अपनी पहचान बनाई। वहीं, राहुल राज की जीत ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण में बदलाव किया।

हालिया विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि जदयू, राजद और जन सुराज को एक-एक सीट मिली थी। दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। अब राहुल राज और वंशीधर बृजवासी के भाजपा में शामिल होने से विधान परिषद में पार्टी के समीकरण में बदलाव आया है। दोनों नेताओं का भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल होना इस राजनीतिक घटनाक्रम को और महत्वपूर्ण बनाता है। अब देखना होगा कि पार्टी में उनकी नई भूमिका क्या होगी और आने वाले समय में बिहार की राजनीति एवं विधान परिषद के भीतर इसका क्या प्रभाव पड़ता है।