'विकल्प' का 19वां वार्षिक सम्मेलन संपन्न, महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठी आवाज

  • Post By Admin on Jul 26 2026
'विकल्प' का 19वां वार्षिक सम्मेलन संपन्न, महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर उठी आवाज

मुजफ्फरपुर: बिहार राज्य जनवादी सांस्कृतिक मोर्चा "विकल्प" की मालीघाट इकाई का 19वां वार्षिक सम्मेलन रविवार को स्थानीय मालीघाट मोर्चा कार्यालय में आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा, वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा तथा आगामी रणनीति तय करने के साथ नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

सम्मेलन के पहले सत्र की शुरुआत शाखा अध्यक्ष अरुण कुमार वर्मा द्वारा झंडोत्तोलन से हुई। इसके बाद शहीद वेदी पर उपस्थित सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। खुले अधिवेशन में विभिन्न जन संगठनों एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने सम्मेलन की सफलता पर शुभकामनाएं दीं और नवगठित कमिटी को बधाई दी। इस अवसर पर एआईडीएसओ (AIDSO) के शिव कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं राजनीतिक चिंतक भूपनारायण सिंह, कवि उमेश राज, "विकल्प" मुजफ्फरपुर के जिला सचिव विभाकर तथा "विकल्प" नवोदित इकाई की सचिव पूनम कुमारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सम्मेलन के दूसरे सत्र में मालीघाट इकाई की सचिव पूजा कुमारी ने संगठन की कार्यप्रणाली और गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिनिधियों ने प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय एवं जनसरोकारों से जोड़ने पर बल दिया। वक्ताओं ने सुझाव दिया कि ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर प्रत्येक माह नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएं, मोहल्लों और कस्बों में जनसभाएं की जाएं तथा जनगीतों के माध्यम से संगठन का विस्तार किया जाए। इन प्रस्तावों को आगामी कमिटी की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल किया गया। सम्मेलन में बढ़ती महंगाई, महंगी होती शिक्षा, बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, महिला उत्पीड़न तथा शहर में बढ़ती गंदगी और जाम की समस्या को गंभीर बताते हुए इनके खिलाफ संघर्ष तेज करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

सम्मेलन के समापन सत्र में संगठन के संवैधानिक प्रावधानों के तहत नई 9 सदस्यीय कमिटी का गठन किया गया। नई कमिटी में अरुण कुमार वर्मा को अध्यक्ष, पूजा कुमारी को सचिव, रणधीर कुमार को उपसचिव, आनंद कुमार को कोषाध्यक्ष तथा कामेश्वर प्रसाद दिनेश, धीरेन्द्र धीरु, बैजू कुमार, सुनील कुमार और अमन कुमार को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। कार्यक्रम में रिया कुमारी, निशा कुमारी, बिंदिया कुमारी, साक्षी कुमारी, शालिनी कुमारी, राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। सम्मेलन का समापन जोशीले नारों और संगठन को मजबूत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।