गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री व पेट्रोलियम मंत्री का फूंका पुतला

  • Post By Admin on Mar 24 2026
गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री व पेट्रोलियम मंत्री का फूंका पुतला

लखीसराय : रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में कथित किल्लत के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के पुरानी बाजार स्थित चितरंजन रोड की मुख्य सड़क पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने किया। उन्होंने कहा कि रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम जनता, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के लोग काफी परेशान हैं। उनका आरोप था कि एक ओर सरकार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को गैस कनेक्शन देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर सिलेंडर की कीमतें बढ़ाकर उसे आम लोगों की पहुंच से दूर कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति यह है कि कई गरीब परिवार गैस सिलेंडर भरवाने में असमर्थ हो गए हैं और उन्हें मजबूर होकर फिर से पारंपरिक ईंधन जैसे लकड़ी और चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। इसे उन्होंने सरकार की विफल नीतियों का परिणाम बताया।

जिलाध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही गैस की कीमतों में कमी नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी और इसे गांव-गांव तक ले जाया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन के दौरान जिला कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार साव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उचित यादव, जय किशोर यादव, प्रेम कुमार, शत्रुघन सिंह, विनय कृष्ण मेहता, अलख सिंह, रामविलास सिंह, मधेश्वर सिंह, अर्जुन सिंह, चुन्नू सिंह, महेंद्र यादव, नवल किशोर सिंह, संजीव कुमार, संजय सिंह, दयानंद दास, राजकुमार पासवान, विजय सिंह, अजय सिंह, धनंजय कुमार और संटू यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।