विश्व स्वास्थ्य दिवस : रेड क्रॉस द्वारा मेडिकल कैंप और जागरूकता शिविर का आयोजन

  • Post By Admin on Apr 07 2024
विश्व स्वास्थ्य दिवस : रेड क्रॉस द्वारा मेडिकल कैंप और जागरूकता शिविर का आयोजन

लखीसराय : विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में दामोदरपुर स्थित शहीद राज नंदन सिंह रेड क्रॉस भवन में चेयरमैन अमरेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह राज्य प्रतिनिधि सह चार्टर चेयरमैन की देखरेख में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सर्वप्रथम शहीद राज नंदन सिंह की मूर्ति पर सभी आगत अतिथियों के द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि की गई। इस कार्यक्रम को डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ. अशोक कुमार सिंह दक्ष हॉस्पिटल सह रोटरी क्लब के अध्यक्ष, डॉ. मनीष कुमार हृदय रोग विशेषज्ञ, अमरेंद्र कुमार सिंह, पुष्पा सिंह, सुरेंद्र प्रसाद सिंह और अरविंद कुमार भारती वाईस चेयरमैन ने सम्मिलित रूप से दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। मंच संचालन वाइस चेयरमैन अरविंद कुमार भारती ने किया। डॉ. रामानुज प्रसाद सिंह ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्व स्वास्थ्य दिवस की प्रासंगिकता पर विचार प्रकट किया। उन्होंने बताया कि हम लोगों को स्वस्थ रहना चाहिए, इसके लिए घूमना जरूरी है एवं समय समय पर जांच कराना जरूरी है। नियमित रूप से जांच कराने से यह पता चल जाता है कि कौन सी बीमारी आने वाली है और उसका पूर्व में ही इलाज संभव हो पाता है। डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आज हर व्यक्ति बीमार है। अगर पूछा जाएगा कि क्या आप स्वस्थ हैं तो कोई भी व्यक्ति स्वस्थ नहीं है। हम सिर्फ चल फिर लेते हैं, थोड़ा बहुत काम कर लेते हैं लेकिन हर व्यक्ति अस्वस्थ है। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि हमें खान-पान पर परहेज करना चाहिए और हृदय रोग पर ध्यान देना चाहिए। फाइबर युक्त भोजन करना चाहिए, मॉर्निंग वॉक निश्चित रूप से करना चाहिए क्योंकि जब तक आप चलेंगे आपका हृदय चलेगा, आपकी सांस चलेगी।

इस अवसर पर मेडिकल कैंप और जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। लगभग 100 लोगों का ब्लड शुगर जांच और बीपी जांच और कई लोगों का ईसीजी किया गया। इस दौरान बाजार से कम शुल्क पर अल्ट्रासाउंड करने के लिए भी घोषणा की गई। धन्यवाद ज्ञापन अमरेंद्र कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर दक्ष हॉस्पिटल के निदेशक उत्कर्ष कुमार, रोटरी क्लब के सचिव संजय कुमार, परमानंद सिंह परमेश कोषाध्यक्ष, सुरेंद्र प्रसाद सिंह इंजीनियर, सुरेंद्र प्रसाद साह, सुरेश माधुर्य आदि अनेक लोग उपस्थित थे।