पीरीबाजार में युवक की लाश मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

  • Post By Admin on Jul 18 2026
पीरीबाजार में युवक की लाश मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

लखीसराय : जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क किनारे झाड़ी से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव की पहचान कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करा दी है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि पीरीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम गाड़ी विशनपुर अंतर्गत खोटा आहर के पास सड़क किनारे झाड़ी में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पीरीबाजार थाना की टीम वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों एवं चौकीदारों की मदद से मृतक की पहचान सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के धनौरी निवासी सूरज कुमार, पिता- टुनटुन रजक के रूप में की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाया। मौके की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए। साथ ही डॉग स्क्वॉड की सहायता से भी घटनास्थल की जांच कराई गई। बाद में पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), लखीसराय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अनुसंधान से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों से आवेदन प्राप्त कर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात कही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।