छह माह की बच्ची का मां ने रेता गला, फिर खुद पर भी किया वार
- Post By Admin on Jun 26 2026
बेतिया : पश्चिम चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में छह माह की एक मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची की मां पर गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद महिला ने भी खुद को घायल कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़का गांव में गुरुवार रात करीब आठ बजे छह माह की पूजा कुमारी लगातार रो रही थी। आरोप है कि बच्ची को शांत कराने की कोशिश के दौरान उसकी मां सीमा देवी ने घर में रखे हसुआ से उसका गला काट दिया। इसके बाद महिला ने अपने गले पर भी वार कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के समय बच्ची के पिता सुनील दास रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ में थे। घर पर बच्ची अपनी मां और दादी सरस्वती देवी के साथ रह रही थी। चीख-पुकार सुनकर दादी कमरे में पहुंचीं तो बच्ची गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी, जबकि महिला स्वयं को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही थी। दादी ने किसी तरह उसके हाथ से हसुआ छीन लिया और शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया, जबकि घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। शुक्रवार को बच्ची की दादी सरस्वती देवी के आवेदन पर गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हसुआ भी बरामद कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में महिला की मानसिक स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*सांकेतिक तस्वीर*