ट्रंप को ईरान की दो टूक, युद्ध कब खत्म होगा यह तेहरान तय करेगा

  • Post By Admin on Mar 10 2026
ट्रंप को ईरान की दो टूक, युद्ध कब खत्म होगा यह तेहरान तय करेगा

तेहरान : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरान ने स्पष्ट कहा है कि युद्ध कब समाप्त होगा, इसका निर्णय अमेरिका नहीं बल्कि ईरान करेगा।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्सने एक बयान जारी कर कहा कि क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और भविष्य के हालात अब तेहरान की सैन्य क्षमता पर निर्भर हैं। आईआरजीसी ने जोर देते हुए कहा कि युद्ध का अंत कब और कैसे होगा, यह फैसला ईरान करेगा, न कि अमेरिकी सेना।

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ चल रहा संघर्ष अधिक समय तक नहीं चलेगा। उन्होंने चेतावनी भी दी थी कि यदि ईरान वैश्विक तेल आपूर्ति को प्रभावित करने की कोशिश करता है तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

मियामी के पास अपने गोल्फ क्लब में रिपब्लिकन सांसदों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि मिडिल ईस्ट में हालात को नियंत्रित करने के लिए अमेरिका ने कार्रवाई की है और उनका मानना है कि यह अभियान ज्यादा लंबा नहीं चलेगा।

इसके कुछ घंटे बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए भी ईरान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल की आवाजाही रोकने की कोशिश करता है, तो अमेरिका अब तक हुए हमलों से बीस गुना अधिक कड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा।

ट्रंप के इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच बयानबाजी और तेज हो गई है, जिससे मिडिल ईस्ट क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।