मुजफ्फरपुर में सनसनी: कार सवार अपराधियों ने किसान की हत्या की, वारदात के बाद फरार

  • Post By Admin on Jul 25 2026
मुजफ्फरपुर में सनसनी: कार सवार अपराधियों ने किसान की हत्या की, वारदात के बाद फरार

मुजफ्फरपुर: जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात अपराधियों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। दरवाजे पर टहल रहे किसान पर कार सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना मोतीपुर थाना क्षेत्र के साहेबगंज पथ स्थित जगजीवन बाबू चौक के समीप हुई। मृतक की पहचान महमूदपुर बलमी निवासी राजेश साह के रूप में हुई है, जो पेशे से किसान थे। परिजनों के अनुसार, राजेश साह शुक्रवार रात खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान महमूदपुर बलमी चौक की ओर से तेज रफ्तार में एक कार आकर रुकी। कार से उतरे दो युवकों ने उन पर अचानक गोलियां चला दीं। गोली लगने से राजेश साह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से साहेबगंज की दिशा में फरार हो गए।

गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजेश साह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली है।

मोतीपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

•खबर में दी गई तस्वीर केवल सांकेतिक है