वैशाली में सेवा का सराहनीय अभियान, जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

  • Post By Admin on Apr 29 2026
वैशाली में सेवा का सराहनीय अभियान, जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

वैशाली: वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन की ओर से सामाजिक सेवा का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। संगठन ने क्षेत्र के दिव्यांग और वृद्धजनों के जीवन को आसान बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत जरूरतमंद लोगों को तीन पहिया इलेक्ट्रिक वाहन (ट्राइसाइकिल) उपलब्ध कराए गए। साथ ही शौचालय उपयोग में सुविधा और आवागमन को सहज बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग और बुजुर्ग लोगों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके दैनिक जीवन को सम्मानजनक और सरल बनाना है। स्थानीय लोगों के बीच यह अभियान काफी सराहा जा रहा है और इसे मानवता व सेवा भाव की मिसाल बताया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत कुमार यादव, प्रदेश महासचिव रंजय कुमार राय, जिला प्रभारी महेश साह, कृष्णबल्म कुमार, सिनोद कुमार समेत कई कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।

प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी दिव्यांग और वृद्धजनों के लिए इस तरह की योजनाएं लगातार चलाई जाएंगी।मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने संगठन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं और इससे जरूरतमंद लोगों को नई उम्मीद मिलती है।