NTA में बड़ी कार्रवाई: 47 अधिकारी बर्खास्त, कई पर होगी कानूनी कार्रवाई

  • Post By Admin on Jul 25 2026
NTA में बड़ी कार्रवाई: 47 अधिकारी बर्खास्त, कई पर होगी कानूनी कार्रवाई

नई दिल्ली: देश की परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने 47 अधिकारियों की सेवाएं समाप्त (टर्मिनेट) कर दी हैं। इसके अलावा कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई NTA में व्यापक सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। शिक्षा मंत्रालय एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण बदलावों पर काम कर रहा है, जिनकी घोषणा आने वाले समय में की जा सकती है।बताया जा रहा है कि सरकार का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष, विश्वसनीय और जवाबदेह बनाना है, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा मजबूत हो सके और परीक्षाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश कम हो।

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से NTA विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, परीक्षा प्रबंधन में खामियों और अन्य अनियमितताओं को लेकर लगातार विवादों में रही है। इन घटनाओं के बाद एजेंसी की कार्यप्रणाली पर कई सवाल उठे थे और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग तेज हो गई थी। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई सुधार प्रक्रिया की शुरुआत है। भविष्य में परीक्षा संचालन, निगरानी व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने के लिए और भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।