खान सर पर केस दर्ज होते ही मचा बवाल, छात्रों ने रातभर संभाला मोर्चा
- Post By Admin on Jun 06 2026
पटना : फायरिंग विवाद के बाद खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किए जाने के बाद गिरफ्तारी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि केस दर्ज होने के एक दिन बाद भी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक खान सर की कोचिंग के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग संस्थान के बाहर जुटे रहे और पूरी रात वहीं डटे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कदमकुआं थाना पुलिस कई बार मौके पर पहुंची और छात्रों से घर लौटने की अपील की, लेकिन छात्र सुबह तक वहां बने रहे।
पुलिस ने छात्रों से की शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने रातभर कई बार माइक से घोषणा कर छात्रों को हटने और किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आने की सलाह दी। इससे पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर आईजी कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक भी हुई थी, जिसमें मामले की समीक्षा की गई। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
गार्डों की पूछताछ में सामने आए अहम दावे
मामले की शुरुआत 2 जून की रात हुई कथित फायरिंग की घटना से जुड़ी है। खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनके दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह से पूछताछ के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दावे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों ने बयान में बताया कि कोचिंग के बाहर हंगामे की सूचना मिलने पर वे खान सर के साथ बाहर आए थे। पूछताछ में दोनों ने आरोप लगाया कि फायरिंग खान सर के निर्देश पर की गई थी। इसके बाद पुलिस ने खान सर को भी मामले में नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस कर रही तलाश
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस अब मामले की जांच में जुटी हुई है और खान सर की तलाश कर रही है। वहीं, पूरे घटनाक्रम पर छात्रों और आम लोगों की नजर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।