पटना में खान सर की कोचिंग में फायरिंग के साथ 1 जान लेने का प्रयास, वर्चस्व की लड़ाई का एंगल चर्चा में
- Post By Admin on Jun 02 2026
पटना : राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित चर्चित कोचिंग संचालक Khan Sir के कोचिंग सेंटर के बाहर देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि अब तक किसी छात्र के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खान सर ने दावा किया है कि इस हमले में उनका गार्ड घायल हो गया है और उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 2 जून की रात को कोचिंग सेंटर के बाहर करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हमले को लेकर खान सर ने कहा कि कम फीस में छात्रों को पढ़ाने की वजह से उन्हें निशाना बनाया गया है। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति या संस्था का नाम नहीं लिया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने खुद अपनी आंखों से करीब 10 मिनट तक गोलीबारी होते देखी। साथ ही बताया कि हमलावरों ने उनके गार्ड के साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गया।
पटना का मुसल्लहपुर हाट इलाका प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां बिहार समेत पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग करने पहुंचते हैं। इसी इलाके में खान सर का कोचिंग संस्थान भी संचालित होता है। घटना के बाद कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई की चर्चा भी तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि इलाके में संचालित कुछ कोचिंग संस्थानों के बीच लंबे समय से प्रतिस्पर्धा और तनाव की स्थिति बनी हुई है। चर्चा यह भी है कि “ज्ञान बिंदु” नामक एक अन्य कोचिंग संस्थान के साथ खान सर के संस्थान का पुराना विवाद रहा है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।