लखीसराय में महिला दिवस पर सम्मान समारोह, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट महिलाओं को मिला सम्मान
- Post By Admin on Mar 08 2026
लखीसराय : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को लखीसराय संग्रहालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, उनके योगदान को सम्मानित करने तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, राज्य महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, नौनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली देवी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पांडे, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनीता राज और उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने महिलाओं के अधिकार, उनके सशक्तिकरण और समाज के विकास में उनकी अहम भूमिका पर अपने विचार रखे। जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने महिला समूहों के साथ संवाद भी किया, जिसमें महिलाओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए। इस पर जिला प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल करते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया गया।
इस मौके पर सभी उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, भेदभाव और हिंसा का विरोध करने तथा गांव-गांव में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में जीविका से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की सदस्य शोभा देवी और पूनम देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीविका से जुड़कर महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिल्ली से आए The World of Women Band ने शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बैंड के कलाकारों में रक्षा त्रिपाठी, डॉ. स्मृति बनर्जी, पूजा अरोड़ा, निशा बेनीवाल और आदित्य नारायण शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान जीविका से जुड़ी उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इसमें लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग और खेल विभाग से जुड़ी महिलाओं को सम्मान दिया गया। खेल विभाग के अंतर्गत ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, वुशु, खो-खो, जूडो और कराटे में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। बड़ी संख्या में महिला समूहों, छात्राओं, अधिकारियों और आम नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बना दिया।