लखीसराय : देश के सुप्रसिद्ध उद्योगपति और पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन पर लखीसराय के व्यावसायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। लखीसराय चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विकास कुमार ने रतन टाटा के निधन को उद्योग और व्यवसाय जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने एक अमूल्य रत्न खो दिया हैI जिनका योगदान देश की विकास यात्रा में सदैव चिरस्मरणीय रहेगा।
अध्यक्ष विकास कुमार ने कहा, "रतन टाटा जी ने उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों में नई और प्रभावी पहलों के माध्यम से कई श्रेष्ठ मानकों की स्थापना की। चाहे देश की एकात्मता और सुरक्षा का सवाल हो, विकास की कोई योजना हो या कर्मचारियों के हितों की रक्षा रतन टाटा जी ने अपने अद्वितीय सोच और कार्यों से सभी को प्रेरित किया।"
उन्होंने आगे कहा कि रतन टाटा की सादगी, विनम्रता और अनुकरणीय शैली ने उन्हें एक महान व्यक्तित्व बनायाI जिन्होंने अनेक ऊंचाइयों को छूने के बावजूद अपनी सरलता बनाए रखी। चेंबर ऑफ कॉमर्स ने उनके निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया है।




















