विश्व हिंदू परिषद ने मनाया अखंड भारत संकल्प दिवस, कार्यकर्ताओं ने दोहराया राष्ट्रसेवा का संकल्प
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से गुरुवार को लखीसराय जिले में अखंड भारत संकल्प दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर क्षेत्र के जोगमोला गांव स्थित शिव मंदिर तथा बड़हिया प्रखंड के खुटहाडीह गांव स्थित ज्ञानोदय शिक्षण संस्थान कोचिंग सेंटर में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री बंटी कुमार ने की। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विहिप के मुंगेर विभाग मंत्री प्रणाथ भारत ने अपने संबोधन में भारत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक एकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि अखंड भारत संकल्प दिवस का उद्देश्य राष्ट्र की सांस्कृतिक एकता, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक समरसता के प्रति लोगों में जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने विभिन्न ऐतिहासिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा सदियों से व्यापक भूभाग में फैली रही है और अनेक धार्मिक तथा सांस्कृतिक स्थलों का महत्व आज भी करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने समाज से राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने युवाओं से समाज सेवा, राष्ट्रीय जागरूकता और सांस्कृतिक संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर संजीत कुमार, सुनील कुमार, गोविंद कुमार, दुघनाथ केवट, अमित कुमार, शिवम कुमार, शिवेश कुमार, अरविंद पाठक, रानी कुमारी, अंजली कुमारी, तेजस्वी कुमारी, प्रिया कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, साक्षी कुमारी, मीनू कुमारी, मिथिलेश कुमार, पीयूष कुमार, अंकित कुमार, अंशु कुमार, अक्षय कुमार, मिथुन कुमार और राघव कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक एकता के संदेश के साथ किया गया।