प्रकृति-उपासना और लोककल्याण का संदेश, आरडीएस कॉलेज में ‘कल्याण वाटिका’ का शुभारंभ

  • Post By Admin on Aug 13 2026
प्रकृति-उपासना और लोककल्याण का संदेश, आरडीएस कॉलेज में ‘कल्याण वाटिका’ का शुभारंभ

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय (RDS कॉलेज) परिसर में वसुधा कल्याण आश्रम परिवार की ओर से ‘कल्याण वाटिका’ की स्थापना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वृहद स्तर पर फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री राकेश कुमार थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शशिभूषण कुमार ने की।

मुख्य अतिथि ने पौधरोपण कर ‘कल्याण वाटिका’ के निर्माण की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर वसुधा कल्याण आश्रम परिवार के प्रतिष्ठाता आचार्य पावन महाराज ने कहा कि यह वाटिका केवल फलदार वृक्षों का उपवन नहीं, बल्कि प्रकृति-उपासना, लोककल्याण और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारे उत्तरदायित्व का स्थायी एवं जीवंत संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और समर्पण को व्यवहार में उतारना समय की मांग है। सीआरपीएफ के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री राकेश कुमार ने कहा कि प्रकृति संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने इस पहल के लिए वसुधा कल्याण आश्रम परिवार और रामदयालु सिंह महाविद्यालय को बधाई देते हुए ऐसे प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शशिभूषण कुमार ने कहा कि ‘कल्याण वाटिका’ की स्थापना संस्थान के लिए गौरव का विषय है। यह विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति श्रद्धा और संरक्षण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने महाविद्यालय की ओर से वाटिका के संरक्षण और विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री राकेश कुमार को अंगवस्त्र, पौधा और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके साथ उपस्थित सीआरपीएफ अधिकारियों उप कमांडेंट श्री अनुरंजन, सहायक कमांडेंट श्री विकास कुमार सिंह और निरीक्षक श्री उमेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों का भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर वसुधा कल्याण आश्रम परिवार की ओर से गुरु माँ मनोरमा, संरक्षक दिलीप शाही, न्यासी श्वेता सूची, मैत्रेयी संघ की अध्यक्षा डॉ. अंजलि स्वरूप, डॉ. कौटिल्य स्वरूप, डॉ. विशाल कुमार, देवेश्वर कुमार और जूही मिश्रा सहित कई पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से डॉ. राजीव कुमार, डॉ. सौरव कुमार, डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य प्राध्यापक, शिक्षक और कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि ‘कल्याण वाटिका’ को आगामी वर्षों में विभिन्न फलदार वृक्षों से विकसित कर इसे प्रकृति-उपासना, लोककल्याण और भावी पीढ़ियों के लिए एक स्थायी हरित धरोहर के रूप में विकसित किया जाएगा।