रोहतास में हत्या के बाद गरमाई राजनीति, बहुजन सेना ने दोषियों को फांसी दिलाने की उठाई मांग

  • Post By Admin on Aug 13 2026
रोहतास में हत्या के बाद गरमाई राजनीति, बहुजन सेना ने दोषियों को फांसी दिलाने की उठाई मांग

रोहतास : जिले के दिनारा थाना क्षेत्र स्थित योगिया गांव में हुई हत्या की घटना के बाद बहुजन शोषित समाज संघर्ष समिति (बहुजन सेना) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने मृतक चंदेश्वर चौधरी के परिजनों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए कहा कि बहुजन समाज पर होने वाले अत्याचार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान अनिल कुमार ने गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि बहुजन सेना इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए संगठन हर लोकतांत्रिक माध्यम से आवाज उठाएगा और आवश्यकता पड़ने पर उच्च अधिकारियों तक मामला पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह इस मामले को लेकर पटना के वरिष्ठ अधिकारियों तथा बिहार के डीजीपी से मुलाकात करेंगे और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई में लापरवाही बरती गई तो पूरे मामले को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। अनिल कुमार ने स्थानीय डीएसपी और थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार पर दबाव बनाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने मांग की कि परिवार और गांव के लोगों को कथित रूप से डराने-धमकाने की कोशिश तत्काल बंद हो तथा मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का दायित्व जनता को सुरक्षा देना, निष्पक्ष जांच करना और कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करना है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे का समय देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। अनिल कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी गहरे सदमे में हैं और बार-बार बेहोश हो रही हैं, जबकि परिवार में एक अविवाहित बेटी भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में परिवार को दबाव में लेने के बजाय उनके साथ खड़ा होना और न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय विधायक और पुलिस प्रशासन से पक्षपात से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि संविधान के तहत सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हैं। साथ ही सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए जाने के आरोपों को गंभीर बताते हुए इसकी स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की।

अनिल कुमार ने कहा कि यदि किसी परिस्थिति में परिवार से हस्ताक्षर कराए गए हैं तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि किस उद्देश्य से और किसके कहने पर ऐसा किया गया। उन्होंने दोहराया कि बहुजन सेना की मांग है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई हो और पुलिस-प्रशासन अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाए। संगठन लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखते हुए इस परिवार की न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ा रहेगा।