प्रतापपुर में नाली निर्माण योजना पर घमासान: जिप सदस्य के पति ने विरोधियों पर लगाया साजिश का आरोप
- Post By Admin on Aug 12 2026
लखीसराय : बड़हिया प्रखंड के प्रतापपुर गांव में नाली निर्माण योजना को लेकर राजनीतिक खींचतान चरम पर पहुंच गई है। जिला परिषद सदस्य विनीता कुमारी के पति राजेश कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट के बाद क्षेत्र में सियासी पारा चढ़ गया है। उन्होंने अपनी पोस्ट के जरिए राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर विकास कार्य को बाधित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
राजेश सिंह ने अपनी पोस्ट में कहा है कि प्रतापपुर गांव की मुख्य गली में नाली के अभाव में कई दिनों तक गंदा पानी जमा रहता है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो चुका है। इस विकट समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला परिषद सदस्य विनीता कुमारी ने अथक प्रयास कर दस लाख रुपये की योजना स्वीकृत कराई। योजना का वर्क ऑर्डर और एग्रीमेंट जारी होने के बाद पंचायत सचिव को इसका अभिकर्ता बनाया गया और ग्रामीणों को पंचायत सचिव के साथ समन्वय बनाकर काम शुरू कराने की बात कही गई थी।
आरोप है कि योजना स्वीकृत होना उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को रास नहीं आया। विरोधी इस योजना का श्रेय जिला परिषद सदस्य को न मिले, इसके लिए स्थानीय प्रमुख, भाजपा जिलाध्यक्ष और क्षेत्रीय विधायक के पास चक्कर काटने लगे। उनका दावा है कि योजना स्वीकृत हो जाने के बावजूद इसका निर्माण कार्य शुरू कराने के बजाय इसे अटकाने की साजिश रची जा रही है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं।
पोस्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिला परिषद का फंड लैप्स होने की कगार पर था, जिसे किसी अन्य गांव में भी स्थानांतरित किया जा सकता था। हालांकि, प्राथमिकता देते हुए इसे प्रतापपुर के लिए आवंटित कराया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास किसी उपलब्धि के लिए नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी समझकर किया जाता है। फिलहाल इस फेसबुक पोस्ट के बाद गांव और आसपास के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।