लखीसराय में उर्वरक उपलब्धता एवं कृषि योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
- Post By Admin on Aug 12 2026
लखीसराय : संयुक्त निदेशक (शस्य), मुंगेर प्रमंडल की अध्यक्षता में आज लखीसराय जिले के थोक उर्वरक विक्रेताओं एवं कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिले में खाद एवं उर्वरक की उपलब्धता, पारदर्शी वितरण और किसानों को सरकारी निर्धारित दर पर सुलभ आपूर्ति सुनिश्चित करने पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। संयुक्त निदेशक (शस्य) ने सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, कृषि विभाग के विभिन्न संभागों—जैसे उद्यान, कृषि अभियंत्रण, पौधा संरक्षण, भूमि संरक्षण तथा मिट्टी जांच प्रयोगशाला से संचालित योजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति का आकलन किया गया। प्रमंडलीय अधिकारी ने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने, योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण करने तथा अंतिम पायदान के पात्र किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।
जिला कृषि पदाधिकारी, लखीसराय श्री कुंदन कुमार ने जिले में उर्वरक की वर्तमान स्थिति और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने अधिकारियों और उर्वरक विक्रेताओं को आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर किसान हित में कार्य करने का निर्देश दिया।
इस समीक्षा बैठक में जिला उद्यान पदाधिकारी श्री राजीव रंजन, उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण) श्री आनंद कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी श्री श्रवण कुमार, सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) श्री अंकित आनंद, सहायक निदेशक (भूमि संरक्षण) श्री अशोक कुमार सहित जिले के सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं थोक उर्वरक विक्रेता उपस्थित थे।