लखीसराय सदर अस्पताल में सर्जरी सेवाएं प्रभावित, नए सर्जनों की प्रतिनियुक्ति के लिए डीएम ने लिखा पत्र
- Post By Admin on Aug 12 2026
लखीसराय : सदर अस्पताल की सर्जरी इकाई में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने पहल की है। जिला स्वास्थ्य समिति, लखीसराय ने राज्य स्वास्थ्य विभाग के सचिव को पत्र लिखकर सदर अस्पताल में नए सर्जनों की प्रतिनियुक्ति या पदस्थापन करने का अनुरोध किया है। यह पत्र जिला पदाधिकारी सह जिला स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार द्वारा 11 अगस्त 2026 को जारी किया गया।
पत्र में स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया गया है कि सदर अस्पताल में कुल 70 प्रकार की सर्जरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी हैं। हालांकि, डॉक्टरों की कमी के कारण इन सेवाओं को निरंतर बनाए रखने में कठिनाई आ रही है। वर्तमान में अस्पताल में पदस्थापित तीन सर्जनों में से डॉ. मृत्युंजय कुमार दो महीने की छुट्टी पर हैं, जबकि डॉ. अमरेश कुमार के खिलाफ रोस्टर का अनुपालन न करने पर विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। फिलहाल केवल डॉ. रौशन चिरंजीव ही अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
सदर अस्पताल की सर्जरी इकाई में मरीजों को निर्बाध और विविध प्रकार की शल्य चिकित्सा सेवाएं मिलती रहें, इसके लिए जिलाधिकारी ने विभाग से जल्द से जल्द नए सर्जनों को तैनात करने का आग्रह किया है।
इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी लखीसराय, उप विकास आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल के क्षेत्रीय अपर निदेशक व आयुक्त, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक और मुख्य सचिव के विशेष कार्य पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना हेतु भेज दी गई है।