लखीसराय : भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के पूजनोत्सव को भव्य और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए चित्रांश परिवार लखीसराय की बैठक डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले के चित्रांश समाज के सदस्यों ने भाग लेकर 11 नवंबर को होने वाली पूजा की तैयारियों पर चर्चा की। आयोजन की जिम्मेदारियों को सुचारू रूप से निभाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन भी किया गया।
बैठक में पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण और सहभोज की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। सदस्यों के बीच विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारी बांटी गई, ताकि सभी तैयारियां आपसी समन्वय से समय पर पूरी हो सकें। पूजा स्थल की सजावट, प्रतिमा स्थापना, पूजन व्यवस्था और अन्य आयोजन संबंधी तैयारियों को लेकर भी आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में मौजूद चित्रांश समाज के सदस्यों ने स्वेच्छा से आयोजन की जिम्मेदारी संभालने की सहमति दी। सभी ने एकजुट होकर पूजनोत्सव को सफल और यादगार बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रोशन कुमार सिन्हा, अमित कुमार सिन्हा, सतीश कुमार सिन्हा, रविश अम्बष्टा, राकेश कुमार सिन्हा, मनीष कुमार सिन्हा, गौतम गिरियगे, संजय कुमार सिन्हा, संजीव कुमार सहाय, धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, प्रकाश सिन्हा, ललन सिन्हा, रोहित कुमार तथा भोला कुमार अम्बष्टा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
चित्रांश परिवार की ओर से सभी सहयोगकर्ताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताया गया। सदस्यों ने कहा कि सामूहिक सहयोग से न केवल पूजनोत्सव सफल होगा, बल्कि समाज में पारिवारिक एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूती मिलेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 11 नवंबर को भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण होगा। वहीं, 12 नवंबर को शोभायात्रा निकालने के साथ प्रतिमा विसर्जन किया जाएगा। चित्रांश परिवार ने जिले के सभी चित्रांश बंधुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर उत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
















