नई दिल्ली : वायु प्रदूषण का असर केवल फेफड़ों और हृदय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को भी प्रभावित कर सकता है। 'जर्नल ऑफ वैस्क्यूलर डिजीज' में प्रकाशित एक वैश्विक अध्ययन में सामने आया है कि सूक्ष्म कणों वाले वायु प्रदूषण यानी पीएम 2.5 के लंबे समय तक संपर्क में रहने से टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम 10 से 16 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। शोध में दुनिया भर के 20 करोड़ से अधिक लोगों से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है।
14 नवंबर को विश्व डायबिटीज दिवस से पहले सामने आए इस अध्ययन में वायु प्रदूषण और मधुमेह के बीच संबंध को रेखांकित किया गया है। शोधकर्ताओं के अनुसार, पीएम 2.5 के स्तर में प्रति घन मीटर 10 माइक्रोग्राम की बढ़ोतरी के साथ टाइप-2 डायबिटीज का खतरा 10 से 16 प्रतिशत तक अधिक पाया गया। अध्ययन में यह भी संकेत मिला कि प्रदूषण का संबंध मधुमेह के प्रसार, रक्त में बढ़े हुए शर्करा स्तर और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से है। इस अध्ययन को पद्मश्री डॉ. अनूप मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष एवं निदेशक, डायबिटीज एवं एंडोक्राइनोलॉजी, फोर्टिस सी-डॉक हॉस्पिटल फॉर डायबिटीज एंड एलायड साइंसेज, नई दिल्ली ने यशेंद्र सेठी, नीरजा काका, सौरभ सिंघल, मानवी वासुदेव और जियुसेपे बायोंडी-ज़ोकाई के साथ मिलकर किया है। अध्ययन का नाम एपेक्स-टी2डी रखा गया है। इसमें दुनिया भर की आबादी से संबंधित पिछली 13 प्रमुख समीक्षाओं के निष्कर्षों का विश्लेषण किया गया।
शोध में उत्तरी अमेरिका, यूरोप, पूर्वी एशिया, दक्षिण एशिया, लैटिन अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के आंकड़ों को शामिल किया गया। भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे दक्षिण एशियाई देशों में प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए इस क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया। शोधकर्ताओं के मुताबिक, स्वच्छ हवा वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में भी प्रदूषण के संपर्क से जोखिम बढ़ने के संकेत मिले हैं। चूंकि वायु प्रदूषण का सामना बड़ी आबादी को करना पड़ता है, इसलिए व्यक्तिगत स्तर पर जोखिम में मामूली वृद्धि भी वैश्विक स्तर पर मधुमेह के मामलों का बोझ बढ़ा सकती है।
वैज्ञानिक तरीकों से किया गया विश्लेषण
अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने कोक्रेन, जेबीआई, प्रिज्मा-2020 और प्रायोर जैसे अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक मानकों का पालन किया। मई 2026 तक उपलब्ध शोधों की जानकारी जुटाने के लिए पबमेड, एम्बेस और वेब ऑफ साइंस सहित प्रमुख वैज्ञानिक डेटाबेस की समीक्षा की गई। इसके बाद विभिन्न अध्ययनों की गुणवत्ता और उनसे मिले प्रमाणों की विश्वसनीयता का आकलन किया गया। अलग-अलग देशों और क्षेत्रों के निष्कर्षों की तुलना कर प्रदूषण तथा मधुमेह के बीच संबंध को समझने का प्रयास किया गया।
डॉ. अनूप मिश्रा ने कहा कि वायु प्रदूषण को केवल पर्यावरण या सांस से जुड़ी समस्या मानना पर्याप्त नहीं है। इसे हृदय, गुर्दे और मेटाबॉलिज्म से संबंधित बीमारियों के व्यापक परिदृश्य में देखना होगा। दक्षिण एशिया के बड़े शहरों में प्रदूषण का स्तर अधिक होने के कारण मधुमेह के बढ़ते मामलों पर इसका प्रभाव सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने वायु गुणवत्ता में सुधार को मधुमेह की रोकथाम के प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
अध्ययन के प्रथम लेखक यशेंद्र सेठी ने कहा कि जिस वातावरण में लोग रहते हैं, उसका सीधा असर उनकी सेहत पर पड़ता है। वायु प्रदूषण फेफड़ों के साथ हृदय और मेटाबॉलिज्म को भी प्रभावित करता है तथा टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम बढ़ा सकता है। उनके अनुसार, भारत में मधुमेह और प्रदूषण की दोहरी चुनौती से निपटने के लिए स्वच्छ वातावरण और बेहतर मेटाबॉलिक स्वास्थ्य पर एक साथ ध्यान देना जरूरी है। शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि स्वच्छ हवा से संबंधित नीतियों में मधुमेह की रोकथाम को भी प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए वायु गुणवत्ता की नियमित निगरानी, प्रदूषण फैलाने वाले उत्सर्जन पर नियंत्रण और राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीतियों में पर्यावरण से जुड़े पहलुओं को शामिल करने की जरूरत बताई गई है।














