गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी के पास बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन के निकट कोलकाता से मिजोरम के सैरांग जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना सुबह करीब 6:54 बजे हुई।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अनुसार, ट्रेन को दूसरे रेलगाड़ी को रास्ता देने के लिए स्टेशन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके और इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे की राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

शुरुआती रेलवे बयान में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने और किसी के घायल नहीं होने की जानकारी दी गई थी। हालांकि, बाद की कुछ मीडिया रिपोर्टों में कई यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई है। घायलों की संख्या और हादसे के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। इस दुर्घटना के कारण डिगारू स्टेशन के आसपास रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ है। रेलवे ने राहत और ट्रैक बहाली का काम शुरू कर दिया है।