लखीसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को टाउन हॉल में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। इसमें घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवश्यक सुविधाओं और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
डीएम ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल का पहले से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया गया। घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती, हाई मास्ट लाइट, बैरिकेडिंग, नाव और एसडीआरएफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान कर वहां विशेष सतर्कता बरतने तथा नावों पर पर्याप्त संख्या में जीवन रक्षक जैकेट रखने और उनके अनिवार्य उपयोग का निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए घाटों पर साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधा, शुद्ध पेयजल, कपड़े बदलने के कमरे और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। डीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, छठ पूजा समितियों और आम लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करने पर भी जोर दिया।यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, भीड़ नियंत्रण और जाम की समस्या से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर लगातार निगरानी करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को निर्धारित समय पर अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी से विधि-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा तथा यातायात प्रबंधन पर ध्यान दें।
संयुक्त ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी आपदा अखिलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों से जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए छठ महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने की अपील की है।
















