लखीसराय : विश्व विज्ञान दिवस (शांति एवं विकास के लिए) के अवसर पर पर्यावरण भारती की ओर से मंगलवार को चानन प्रखंड के कुंदर में देव वृक्ष बरगद के दो पौधे लगाए गए। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी शंकर शर्मा ने किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विज्ञान के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा को भी जरूरी बताया।
पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक और अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। विज्ञान ने जहां विकास के नए रास्ते खोले हैं, वहीं इसका उपयोग युद्ध और विध्वंस के बजाय शांति तथा मानव कल्याण के लिए होना चाहिए। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा कि युद्ध से किसी देश या समाज का भला नहीं होता, बल्कि व्यापक नुकसान होता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाने की अपील की। शाण्डिल्य ने कहा कि पराली जलाने, जंगलों की कटाई और शहरों में कंक्रीट के निर्माण के विस्तार से प्रदूषण तथा पर्यावरण असंतुलन बढ़ रहा है। जंगलों के घटने से वन्य जीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने लगे हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड ग्रहण कर ऑक्सीजन देते हैं और जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जल, जंगल, जमीन, वायु और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
पर्यावरणविद शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने कहा कि विश्व विज्ञान दिवस का उद्देश्य विज्ञान के महत्व और उपयोगिता को आम लोगों तक पहुंचाना, वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना तथा अंधविश्वास से दूर तर्कशील समाज का निर्माण करना है। उन्होंने युवाओं को वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति प्रेरित करने और विज्ञान का इस्तेमाल शांति, विकास तथा मानव कल्याण के लिए करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध की जरूरत है। उन्होंने कहा कि विज्ञान का ज्ञान, प्रकृति का सम्मान और वृक्षों का संरक्षण ही मानव जीवन के कल्याण का आधार है। कार्यक्रम में संजीत कुमार यादव, शंकर साह, सिद्धार्थ कुमार, उत्कर्ष कुमार, शंकर शर्मा, मानेश्वर शर्मा, राम बिलास शाण्डिल्य, कुणाल शर्मा, मनखुश ठाकुर, मयंक, हिमांशु, सूर्यवंशी और कुशल सहित कई लोगों ने भाग लिया।
















