महिला को बचाने में पलटी टोटो, चालक समेत चार लोग घायल
- Post By Admin on Mar 25 2026
लखीसराय : सूर्यगढ़ा बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर के सामने एनएच-80 पर बुधवार सुबह करीब नौ बजे एक टोटो रिक्शा पलट जाने से चालक सहित चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सड़क पार कर रही एक महिला को बचाने के प्रयास में यात्रियों से भरी टोटो अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर सूर्यगढ़ा थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया।
चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल टोटो चालक और कटेहर निवासी एक वृद्ध महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया।
घटना के बाद कुछ देर तक एनएच-80 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस द्वारा सामान्य कराया गया।