हर घर तिरंगा अभियान के तहत लखीसराय की पंचायतों में निकली तिरंगा यात्रा

  • Post By Admin on Aug 12 2026
हर घर तिरंगा अभियान के तहत लखीसराय की पंचायतों में निकली तिरंगा यात्रा

लखीसराय : भारत सरकार के “हर घर तिरंगा-2026” अभियान के तहत जिला प्रशासन लखीसराय के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में बुधवार को तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, झंडा वितरण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।इस क्रम में हलसी, सूर्यगढ़ा, रामगढ़ चौक, लखीसराय सहित अन्य प्रखंडों की बिल्लो, अमहरा, बालगुदर, महेशपुर तथा अन्य पंचायतों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मुखिया, प्रखंड एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी निकाली गई।

तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पंचायतों के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए जागरूक किया गया। कई स्थानों पर आमजनों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण भी किया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारियों, विद्यालयी बच्चों और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से आयोजित इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसकी गरिमा एवं सम्मान तथा “हर घर तिरंगा” अभियान की भावना के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान को लेकर बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिससे पंचायतों का माहौल देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।