लखीसराय के दूरस्थ इलाकों में मोबाइल नेटवर्क मजबूत करने की पहल, चार डार्क स्पॉट चिह्नित

  • Post By Admin on Aug 12 2026
लखीसराय के दूरस्थ इलाकों में मोबाइल नेटवर्क मजबूत करने की पहल, चार डार्क स्पॉट चिह्नित

लखीसराय : जिले के दूरस्थ एवं सेवा वंचित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने तथा डिजिटल कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या तथा नए मोबाइल टावरों की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, बीएसएनएल लखीसराय के जेटीओ अनीश कुमार, ग्रामीण दूरसंचार विभाग पटना के निदेशक सत्येश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा सूर्यगढ़ा के प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि जिले में चार प्रमुख डार्क स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है या अत्यंत कमजोर है। इनमें सूर्यगढ़ा प्रखंड के हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम एवं मोरवे डैम के मध्य का क्षेत्र, लठिया भैरो टोला (कोरासी) तथा चानन प्रखंड के सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी एवं राजघाट कोल क्षेत्र शामिल हैं।

प्रशासन ने जानकारी दी कि सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी एवं राजघाट कोल क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापना के लिए स्वीकृति मिल चुकी है और यहां शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। अन्य चिह्नित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, दूरसंचार मंत्रालय, बीएसएनएल, एयरटेल, जियो एवं अन्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की संयुक्त टीम सर्वे करेगी। सर्वे के बाद उपयुक्त स्थानों का चयन कर नए मोबाइल टावर लगाए जाएंगे।

बैठक के बाद जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में बीएसएनएल की टीम तथा संबंधित अधिकारियों ने हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम, मोरवे डैम के मध्य क्षेत्र और लठिया भैरो टोला (कोरासी) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न संभावित स्थलों पर नेटवर्क फ्रीक्वेंसी एवं तकनीकी उपयुक्तता की जांच की गई, ताकि ऐसे स्थानों का चयन हो सके जहां से आसपास के अधिकतम क्षेत्रों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क सुविधा मिल सके। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर मोबाइल टावर स्थापना का कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधा मजबूत होने से स्थानीय नागरिकों को मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं का बेहतर लाभ मिलेगा तथा डिजिटल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आएगा।