स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर लखीसराय में तिरंगा यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर लखीसराय जिला प्रशासन द्वारा 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में ‘तिरंगा यात्रा : मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम’ जारी कर दिया गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7 बजे सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं जिले के विभिन्न पदाधिकारी केआरके स्कूल स्थित टाउन हॉल में एकत्रित होंगे। इसके बाद सुबह 7:15 बजे राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के उपरांत जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में तिरंगा यात्रा को केआरके स्कूल से रवाना किया जाएगा। तिरंगा यात्रा सुबह 7:40 बजे लखीसराय रेलवे स्टेशन के समीप स्थित शहीद स्थल पहुंचेगी। वहां उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7:50 बजे शहीदों की स्मृति में मोमबत्ती प्रज्वलन किया जाएगा तथा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा शहीदों को पुष्पांजलि एवं पुष्प समर्पण भी किया जाएगा। इसके बाद सुबह 7:50 से 8 बजे तक जिला पदाधिकारी का संबोधन होगा, जिसमें स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सुबह 8 बजे निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों से समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में सहयोग करने की अपील की है।