अशोकधाम मंदिर परिसर में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल, आग से बचाव के बताए उपाय
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : बिहार अग्निशमन सेवा, लखीसराय की टीम द्वारा अशोकधाम मंदिर परिसर में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रद्धालुओं, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रति जागरूक करना था।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान आग लगने पर क्या करें और क्या न करें, इसकी विस्तृत जानकारी दी। विशेष रूप से एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने का प्रदर्शन कर लोगों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। टीम ने बिजली के शॉर्ट-सर्किट, गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील स्रोतों से लगने वाली आग से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही पोर्टेबल अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग की जानकारी देते हुए उन्हें चलाने के तरीके भी सिखाए गए। मॉक ड्रिल के दौरान उपस्थित लोगों के बीच अग्नि सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए और उन्हें संभावित दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति सचेत किया गया।
विभाग ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से आम लोगों में आपदा के समय त्वरित और सुरक्षित प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित होती है। अनुमंडल अग्निशमनालय, लखीसराय ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तत्काल आपातकालीन नंबर 101 या 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।