लखीसराय में ‘आदि कर्मयोगी’ अभियान के तहत जनजातीय गांवों में जनसुनवाई आयोजित
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के अंतर्गत लखीसराय जिले के विभिन्न आदि सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार के निर्देशानुसार आदि कर्मयोगी स्वयंसेवकों के माध्यम से संचालित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय ग्रामों में समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में चानन प्रखंड की भलुई पंचायत के बाशकुंड गांव, संग्रामपुर पंचायत के कछुआ गांव तथा सूर्यगढ़ा प्रखंड के बुधौली बनकर और श्री किसुन ग्राम में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनसुनवाई के दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, कृषि, वन, राजस्व और बैंकिंग से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मियों को उपलब्ध कराया गया, ताकि नियमानुसार उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई के माध्यम से जनजातीय समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेगा।