नर्सिंग ऑफिसर पद पर चयनित पवन कुमार मीणा का पीएमआई संस्थान में विदाई समारोह
- Post By Admin on Mar 30 2026
लखीसराय : जिले के नोनगढ़ स्थित पीएमआई संस्थान में कार्यरत शिक्षक पवन कुमार मीणा के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मूल रूप से राजस्थान के निवासी पवन कुमार मीणा का चयन राजस्थान में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर होने के उपलक्ष्य में संस्थान परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने पवन कुमार मीणा के संस्थान में किए गए योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का ही परिणाम है कि आज उन्होंने इस प्रतिष्ठित पद को प्राप्त किया है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कंचन कुमार, पीएमआई संस्थान के प्राचार्य डॉ. इरशाद आलम, नोनगढ़ पंचायत की मुखिया जूली कुमारी, चानन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनय कुमार, रामगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिपिक रवीश कुमार, जीएनएम विद्यालय नोनगढ़ के लिपिक रूपेश कुमार एवं मेस प्रभारी शोभा सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के सहकर्मियों और अतिथियों ने पवन कुमार मीणा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान संस्थान के छात्र-छात्राएं तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।