कवि सम्मेलन और मुशायरे के साथ तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का भव्य समापन

  • Post By Admin on Mar 25 2026
कवि सम्मेलन और मुशायरे के साथ तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का भव्य समापन

लखीसराय : तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह 2026 का भव्य समापन नगर भवन, लखीसराय में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में बाहर से आए प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ-साथ जिले के शिक्षकों और स्थानीय रचनाकारों ने अपनी सशक्त काव्य प्रस्तुतियों से माहौल को साहित्यिक रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी प्रियंका कुमारी, शंकर कैमूरी, सैयद इसराफिल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों और अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और साहित्यिक परंपरा पर प्रकाश डालते हुए इसकी ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित किया।

समारोह के दौरान जिले के प्रतिभाशाली छात्र चंद्रदीप, जिन्होंने इंटर कला संकाय में पूरे बिहार में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है, को जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

कवि सम्मेलन और मुशायरे में प्रस्तुत देशभक्ति, सामाजिक सरोकार, प्रेम और मानवीय संवेदनाओं से ओतप्रोत कविताओं ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों से पूरा सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा।

इस दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले आपदा मित्रों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शंकर कैमूरी, सैयद इसराफिल, पूनम श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश मिश्र, दशरथ महतो और प्रियंका कुमारी सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

समापन समारोह में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। बिहार दिवस 2026 का यह तीन दिवसीय आयोजन सांस्कृतिक समृद्धि, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।