एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, नियंत्रण कक्ष स्थापित

  • Post By Admin on Apr 06 2026
एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, नियंत्रण कक्ष स्थापित

लखीसराय : मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच लखीसराय जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। संभावित स्थिति को देखते हुए गैस एजेंसियों और विक्रेताओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित थानाध्यक्ष की निगरानी में त्रिस्तरीय छापेमारी दल का गठन किया गया है। यह दल क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर गैस सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर रखेगा। प्रशासन द्वारा 06 अप्रैल 2026 को दो स्थानों पर निरीक्षण भी किया गया है।

जिला प्रशासन ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

सभी एलपीजी गैस वितरकों को भी सख्त निर्देश दिया गया है कि किसी भी कीमत पर गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी नहीं की जाएगी। यदि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्तता पाई गई तो संबंधित लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता की शिकायतों के समाधान के लिए समाहरणालय लखीसराय में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। गैस वितरण से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना दूरभाष संख्या 06346-232952 पर दी जा सकती है।

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने बताया कि लखीसराय जिले में कुल 16 गैस एजेंसियां संचालित हैं और वर्तमान में 4873 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा बड़हिया नगर परिषद और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से पाइप प्राकृतिक गैस की आपूर्ति भी की जा रही है। जिन परिवारों ने अभी तक पाइप प्राकृतिक गैस का कनेक्शन नहीं लिया है, वे संबंधित नोडल पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 8565835550 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने जनता से अपील की है कि गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार ही गैस सिलेंडर प्राप्त करें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरेलू उपभोक्ता को अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति है। बुकिंग दर्ज होने के बाद 2 से 3 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।