जिले में अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, छापेमारी में 14 लोग गिरफ्तार
- Post By Admin on Apr 06 2026
लखीसराय : मद्यनिषेध थाना लखीसराय की ओर से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार और सेवन के आरोप में कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध बीयर और विदेशी शराब की खेप भी बरामद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़हिया स्टेशन क्षेत्र में छापेमारी के दौरान अज्ञात व्यक्ति के पास से 36 लीटर अवैध बीयर बरामद की गई। वहीं छौराही थाना क्षेत्र (जिला बेगूसराय) निवासी मो. दिलशाद के पास से 0.900 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।
इसके अलावा चानन थाना क्षेत्र के मननपुर स्टेशन के पास जुली देवी को 3.600 लीटर अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं किउल थाना क्षेत्र में रोशन कुमार के पास से 7.500 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने शराब सेवन के आरोप में भी कई लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें किउल थाना क्षेत्र के विच्छवे मुसहरी निवासी रंजीव कुमार और कामदेव मांझी, सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के मो. वाजिद और अमेय कुमार, कवैया थाना क्षेत्र के ब्रह्मदेव चौधरी, लखीसराय थाना क्षेत्र के राकेश कुमार तथा मुंगेर, सहरसा, पटना और मधेपुरा जिलों के कुछ अन्य लोगों को भी मद्यपान के आरोप में पकड़ा गया।
मद्यनिषेध पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।