लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम और जिला प्रशासन लखीसराय के आदेशानुसार, बुधवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत संग्रहालय ऑडिटोरियम में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रारंभ किए गए इस अभियान का उद्देश्य 2030 तक देशभर में बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर जागरूकता फैलाकर इसे समाप्त करना है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस वंदना पांडेय ने बताया कि बाल विवाह के मामले में लखीसराय जिला की स्थिति चिंताजनक है और पूरे बिहार में यह जिला पहले स्थान पर है। उन्होंने इस कुरीति को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयासों और नैतिक जिम्मेदारी का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, स्कूल-कॉलेज के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों और एनजीओ से जुड़े लोगों ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ ली। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जीविका प्रबंधक, कल्याण पदाधिकारी, मद्य निषेध पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम के जिला परियोजना प्रबंधक, जिला मिशन समन्वयक, केंद्र प्रशासक और अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
इस अवसर पर सभी ने बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के प्रति जागरूकता फैलाने और इसे खत्म करने के लिए प्रतिबद्धता जताई।




















