सीसीएल में संविधान दिवस पर ली गई प्रस्तावना की शपथ
- Post By Admin on Nov 27 2024
.jpg)
रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) में मंगलवार संविधान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस वर्ष का आयोजन “हमारा संविधान, हमारा सम्मान” विषय के तहत किया गया। जिसका उद्देश्य भारतीय संविधान के महत्व को रेखांकित करना और इसके सिद्धांतों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) नीलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (कार्मिक) हर्षनाथ मिश्र, निदेशक (योजना/परियोजना) सतीश झा, यूनियन प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे।
सीसीएल में संविधान की प्रस्तावना की शपथ :
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी उपस्थित कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना की शपथ ली। जिसमें संविधान के सिद्धांतों का पालन करने और इसके आदर्शों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह ने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे देश की विविधता, एकता और लोकतंत्र का प्रतीक है।
उन्होंने यह भी कहा कि संविधान के मूल्यों को समझना और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक और कर्मचारी का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने संविधान के अधिकारों और कर्तव्यों को समझने और उनके पालन की आवश्यकता पर बल दिया।
बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि :
कार्यक्रम में भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सीसीएल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को अपने कार्यों में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर यूनियन प्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना के महत्व को समझने और इसे अपने जीवन में लागू करने की शपथ ली। कार्यक्रम को लेकर सीसीएल में उत्साह का माहौल था और सभी ने संविधान दिवस के महत्व को लेकर प्रतिबद्धता व्यक्त की।