अपराध पर सख्ती या नया योगी मॉडल, भागलपुर-सीवान एनकाउंटर से तेज हुई चर्चा

  • Post By Admin on Apr 30 2026
अपराध पर सख्ती या नया योगी मॉडल, भागलपुर-सीवान एनकाउंटर से तेज हुई चर्चा

भागलपुर: बिहार में अपराध के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। बीते दो दिनों में हुए दो बड़े एनकाउंटर एक भागलपुर और दूसरा सीवान में ने यह संकेत दिया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ाई जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई को जहां एक ओर अपराधियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर इसे नई सरकार की कार्यशैली से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

सीवान में हुई ताजा घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। बुधवार शाम ढाला इलाके में भाजपा के पूर्व एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई चंदन सिंह और उनके भांजे हर्ष सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार उनकी गाड़ी को छूते हुए निकल गई, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और कार सवारों ने गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि एनकाउंटर के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में किया गया। इस कार्रवाई को पुलिस की सक्रियता और सख्ती का उदाहरण माना जा रहा है।

उधर, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। आज उनकी सभी जिलों के डीएम और एसपी के साथ अहम बैठक प्रस्तावित है, जिसमें अपराध नियंत्रण और भ्रष्टाचार पर कड़ा संदेश दिए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि सरकार अब प्रशासनिक स्तर पर भी सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है। इन घटनाओं के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या बिहार में भी उत्तर प्रदेश की तर्ज पर सख्त कानून व्यवस्था मॉडल लागू किया जा रहा है। कुछ लोग इसे ‘योगी मॉडल’ से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे महज शुरुआती एक्शन बता रहे हैं। फिलहाल इतना तय है कि बिहार में अपराध के खिलाफ कार्रवाई ने रफ्तार पकड़ ली है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि यह सख्ती एक स्थायी नीति बनती है या फिर महज शुरुआती संकेत भर है।