हरित भविष्य की ओर बढ़ता बिहार, पटना में ईवी और सौर ऊर्जा एक्सपो ने खींचा ध्यान
- Post By Admin on May 01 2026
पटना: बिहार की राजधानी पटना में 3 दिवसीय आयोजित रिन्यूएबल एनर्जी एंड ईवी एक्सपो ने इस वर्ष भी लोगों का खासा ध्यान आकर्षित किया। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित यह एक्सपो राज्य को हरित भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन शामिल हुए, जिन्होंने इस पहल को बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक अहम कदम बताया।
एक्सपो में सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और सतत विकास से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का व्यापक प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से आम लोगों के बीच पर्यावरण संरक्षण और वैकल्पिक ऊर्जा के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजन राज्य में ऊर्जा के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। कार्यक्रम के आयोजक अविनाश तिरंगा ने बताया कि इस प्रकार के नवाचार और पहल बिहार को हरित क्रांति की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि राज्य के लोग नई सोच और प्रयोगधर्मिता के साथ आगे बढ़ें, तो बिहार विकास की राह पर तेज़ी से आगे बढ़ सकता है।
एक्सपो में पूर्व राज्यसभा सांसद सैयद अशफाक करीम, पूर्व विधायक इजहार अहमद, सुभाष सिंह कुशवाहा, सुगंध कुमार, राजीव रंजन, अनिल द्विवेदी, हसनैन आजीम और तहमीद कलीम समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम न केवल तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन रहा, बल्कि बिहार के लिए एक स्वच्छ, टिकाऊ और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को भी रेखांकित करता नजर आया।