व्यापारियों ने उठाई औद्योगिक विकास की आवाज, विधानसभा अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
- Post By Admin on Apr 30 2026
लखीसराय : लखीसराय अतिथि गृह में गुरुवार को बिहार विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के आगमन पर लखीसराय चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर जिले के औद्योगिक विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा।
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विकास कुमार, महासचिव नीरज कुमार गुप्ता, सचिव प्रेम किशन साहु तथा कोषाध्यक्ष विवेकनंदन साहु सहित अन्य सदस्यों ने पुष्पगुच्छ, शॉल एवं माला पहनाकर विधानसभा अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।
सौंपे गए ज्ञापन में लखीसराय औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की प्रमुख मांग उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिले में तेजी से बढ़ते उद्यमियों और व्यापारिक गतिविधियों के कारण बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) के पास उपलब्ध जमीन अब अपर्याप्त साबित हो रही है। ऐसे में कम से कम 100 एकड़ अतिरिक्त जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई, ताकि नए उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने का अवसर मिल सके।
इसके साथ ही दूसरी महत्वपूर्ण मांग के रूप में लखीसराय कृषि बाजार समिति में पूर्व की भांति थोक एवं खुदरा व्यवसायियों के लिए दुकानों का पुनः आवंटन कराने तथा सब्जी मंडी और गल्ला मंडी को सुव्यवस्थित करने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि इससे न केवल व्यापारियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सरकार के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
चैंबर ऑफ कॉमर्स ने उम्मीद जताई कि इन मांगों पर सकारात्मक पहल होने से लखीसराय में औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।