श्री जगदम्बा हिंदी पुस्तकालय शताब्दी उत्सव : राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति में मनाया गया समारोह
- Post By Admin on Aug 18 2025

लखीसराय : बड़हिया की ऐतिहासिक धरती पर सोमवार को ज्ञान और संस्कार के शताब्दी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। श्री जगदम्बा हिंदी पुस्तकालय के शताब्दी वर्ष समापन समारोह और स्मारिका “शताब्दी दर्पण” के लोकार्पण के अवसर पर बिहार के राज्यपाल महामहिम आरिफ मोहम्मद खान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की।
समारोह स्थल पर राज्यपाल का स्वागत उपमुख्यमंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार ने किया। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने राज्यपाल एवं उपमुख्यमंत्री का हृदय से अभिनंदन किया।
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि यह पुस्तकालय केवल पुस्तकों का भंडार नहीं, बल्कि ज्ञान, विचार और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय से निकलने वाली शिक्षा और संस्कार की धारा ने अनगिनत युवाओं को नई दिशा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि नई पीढ़ी तकनीकी और डिजिटल माध्यमों से आगे बढ़ रही है, लेकिन ऐसे ऐतिहासिक पुस्तकालय हमें हमारी भाषा, साहित्य और परंपरा से जोड़ते हैं और आत्मबल व चिंतन की शक्ति प्रदान करते हैं।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि लखीसराय की पावन भूमि पर आकर उन्हें अपार संतोष और गर्व का अनुभव हो रहा है। उन्होंने पुस्तकालय को बिहार में शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में प्रगति की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
इसके बाद राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री ने जगदम्बा हिंदी पुस्तकालय का अवलोकन किया और यहां की समृद्ध विरासत से परिचय प्राप्त किया। समारोह में लखीसराय जिला प्रशासन, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, जिला महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, विधानसभा प्रभारी संजय सिंह, वरीय कार्यकर्ता मंटू नटराज, जिला मंत्री हिमांशु पटेल, जिला उपाध्यक्ष नरोत्तम कुमार, युवा कार्यकर्ता आनंद और सैकड़ों नागरिक उपस्थित थे।