100 दिन स्पेशल जागरूकता अभियान के तहत सखी वार्ता का आयोजन

  • Post By Admin on Jul 25 2024
100 दिन स्पेशल जागरूकता अभियान के तहत सखी वार्ता का आयोजन

लखीसराय: महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में गुरुवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय पिपरिया दियारा में 100 दिन स्पेशल जागरूकता अभियान के तहत सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था।

जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि महिलाओं और किशोरियों के लिए जिले में हब कार्यालय स्थापित किया गया है। यहां से वे सभी संचालित योजनाओं की जानकारी और लाभ प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा, 181 टोल-फ्री नंबर की जानकारी भी दी गई, जो महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए समर्पित है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा बच्चों और महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर महिलाएं और किशोरियां आगे बढ़ रही हैं।

जिला समन्वयक एनएनएम मधुमाला कुमारी ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर जोर देते हुए कहा कि बाल विवाह समाज के लिए अभिशाप है और इसे रोकना बहुत जरूरी है। उन्होंने माहवारी के समय स्वच्छता और खानपान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, ताकि संक्रमण और बीमारियों से बचा जा सके।

केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने महिलाओं और किशोरियों को हिंसा से न डरने की बात कही और बताया कि वन स्टॉप सेंटर में आकर वे हिंसा से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकते हैं। यहां एक ही छत के नीचे कई प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो पीड़ित महिलाओं और किशोरियों की मदद करती हैं।

कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, शिक्षक विक्रम कुमार, कृष्णा यादव, महेंद्र कुमार, कविता कुमारी, पूनम कुमारी के अलावा छात्राएं मौसम, नंदनी, शिवानी, करीना सहित दर्जनों छात्राएं मौजूद रहीं। इस जागरूकता अभियान ने महिलाओं और किशोरियों को अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।