लखीसराय में सखी वार्ता: महिला सशक्तिकरण, बाल सुरक्षा और तिरंगा सम्मान का संदेश
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में रामगढ़चौक प्रखंड के नोनगढ़ पंचायत अंतर्गत महादलित टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 66 पर गुरुवार को ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया श्रीमती जूली देवी ने की।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बताया कि सखी वार्ता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना तथा पात्र लेकिन वंचित लाभुकों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर योजनाओं से जोड़ना है।
अध्यक्षीय संबोधन में मुखिया जूली देवी ने कहा कि जागरूकता ही समाज के विकास का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने बाल विवाह को समाज की प्रगति में बाधा बताते हुए उपस्थित महिलाओं से इसे समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर ही स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने महिला हेल्पलाइन नंबर 181, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान तथा बाल विवाह से संबंधित कानूनी और सामाजिक पहलुओं की जानकारी दी। वहीं शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने बताया कि मानव तस्करी की शिकार, बेघर या भूली-भटकी महिलाओं के लिए शक्ति सदन संचालित किया जा रहा है, जहां उन्हें निशुल्क आवास, भोजन, वस्त्र, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में मुखिया जूली देवी ने उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है। इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका अनीता देवी, शांति देवी सहित कई अन्य सेविका-सहायिकाएं और ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।