लखीसराय में निकली हर घर तिरंगा साइकिल रैली, छात्रों ने दिया राष्ट्र एकता का संदेश
- Post By Admin on Aug 13 2026
लखीसराय : स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर आमजन और विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार को लखीसराय में हर घर तिरंगा साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला खेल पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
रैली में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। केआरके मैदान से गांधी मैदान तक निकाली गई इस साइकिल रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् जैसे देशभक्ति नारों के साथ पूरे जोश और उमंग से सहभागिता की। रैली के दौरान विद्यार्थियों में देशप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने रैली में शामिल छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक किया।
जिला प्रशासन के अनुसार रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना था। रैली का समापन गांधी मैदान में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं और पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की भावना को आत्मसात किया।