मद्य निषेध विभाग की छापेमारी में 15 लीटर चुलाई शराब और 30 किलो महुआ जब्त

  • Post By Admin on Aug 13 2026
मद्य निषेध विभाग की छापेमारी में 15 लीटर चुलाई शराब और 30 किलो महुआ जब्त

लखीसराय : मद्य निषेध थाना, लखीसराय द्वारा 12 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चुलाई शराब और जावा महुआ बरामद किया गया। अभियान के दौरान शराब बेचने और पीने के आरोप में कई लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

मद्य निषेध विभाग की टीम ने अमहरा थाना क्षेत्र के कालभैरव गांव में छापेमारी कर 15 लीटर चुलाई शराब एवं 30 किलोग्राम जावा महुआ बरामद किया। इस मामले में मुकुल कुमार और फरार चल रहे नितीश कुमार को आरोपित बनाया गया है। विभाग के अनुसार दोनों पर अवैध शराब कारोबार में संलिप्त होने का आरोप है। इसके अलावा लखीसराय रेलवे स्टेशन परिसर में शराब सेवन के आरोप में बेगूसराय जिले के कंकौल निवासी अमरेंद्र कुमार और टिंकू कुमार को पकड़ा गया। वहीं तेतरहाट थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के साहपुर पटोरी निवासी संजय कुमार और चंदन कुमार को शराब पीने के आरोप में हिरासत में लिया गया।

मद्य निषेध थाना ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सभी मामलों में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या सेवन से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।