बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के 10 साल पूरे होने पर हुई सखी वार्ता
- Post By Admin on Feb 11 2025

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम और जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के तत्वावधान में पिपरिया प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाइप फॉर वलीपुर में “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना के 10 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में “सखी वार्ता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डीपीएम डॉ. मनोज कुमार सिंहा ने उपस्थित महिलाओं और छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को लैंगिक समानता, लैंगिक हिंसा, लिंगानुपात, बाल विवाह, दहेज उन्मूलन और “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” जैसी योजनाओं पर जानकारी दी जा रही है। डॉ. सिंहा ने मिशन शक्ति के तहत संचालित योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने महिलाओं को लैंगिक भेदभाव, दहेज प्रथा उन्मूलन और वित्तीय साक्षरता के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि हिंसा से पीड़ित महिलाएं या किशोरियां वन स्टॉप सेंटर पर जाकर या 181 टोल-फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
इस कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी, शिक्षिका अनिता कुमारी और अन्य शिक्षिकाओं के साथ-साथ छात्राओं की भी भागीदारी रही। उन्होंने भी इस अवसर पर अपनी राय साझा की और महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया।